प्रस्तावना स्व-गणना (Self-Enumeration-SE) जनगणना की एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके अंतर्गत निवासी अपने परिवार संबंधी विवरण को स्वयं ऑनलाइन भरकर प्रस्तुत कर सकते हैं। राज्य/संघ राज्य क्षेत्र द्वारा अधिसूचित अवधि के अनुसार, SE पोर्टल, प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर किए जाने वाले मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) के प्रारंभ होने से 15 दिन पूर्व से सक्रिय रहेगा। पोर्टल के खुलने की तिथि तथा इसकी सक्रिय अवधि पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी। यह प्रक्रिया पूर्ण करने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लग सकता है तथा सफलतापूर्वक प्रस्तुतिकरण के पश्चात एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) उत्पन्न होगी। स्टेप 1: प्रवेश और प्रारंभिक लॉगिन पोर्टलः पोर्टल तक पहुंचने के लिए https://se.census.gov.in पर जाएं। प्रारंभिक चयनः ड्रॉप-डाउन सूची से अपना राज्य/संघ राज्य क्षेत्र चुनें तथा आगे बढ़ने के लिए कैप्चा दर्ज करें। उपकरण संबंधी सुझावः डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करते समय बेहतर दृश्यता के लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप का उपयोग करना प्रस्तावित है। स्टेप 2: परिवार का पंजीकरण परिवार का मुखियाः परिवार के मुखिया का नाम दर्ज करें। इस प्रविष्टि के पास एक टूलटिप उपलब्ध है, जो यह समझने में सहायता करेगा कि परिवार का मुखिया किसे माना जाए ।महत्वपूर्णः एक बार पंजीकरण होने के बाद इस नाम को बदला नहीं जा सकेगा। मोबाइल पंजीकरणः परिवार के किसी भी सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करें। प्रत्येक परिवार के लिए केवल एक मोबाइल नंबर का उपयोग किया जाना चाहिए और वह नंबर किसी अन्य परिवार के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता। ईमेल (वैकल्पिक): आप अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) ई-मेल के माध्यम से प्राप्त करने हेतु एक ई-मेल आईडी भी प्रदान कर सकते हैं। स्टेप 3: भाषा चयन एवं ओटीपी सत्यापन भाषा वरीयताः अपनी पसंदीदा भाषा सावधानीपूर्वक चुने। प्रक्रिया के बाद के चरणों में इसे बदला नहीं जा सकेगा।महत्वपूर्णः चयनित भाषा को बाद में बदला नहीं जा सकता। ओटीपी सत्यापनः अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त एक-बार उपयोग होने वाला पासवर्ड (ओटीपी) दर्ज कर सत्यापन करें और आगे बढ़े।सुझावः ओटीपी प्राप्त करने के लिए सुनिश्चित करें कि आपके मोबाइल में पर्याप्त नेटवर्क कनेक्टिविटी उपलब्ध हो। स्टेप 4: निवास स्थान का विवरण प्रदान करना स्थान संबंधी विवरणः अपना जिला चुनें और अपना पिन कोड (वैकल्पिक) दर्ज करें। इसके पश्चात अपने गाँव/नगर, स्थानीय क्षेत्र तथा निकटवर्ती पहचान-चिह्न (लैंडमार्क) का नाम दर्ज करें। इसके बाद "खोज" पर क्लिक करें। स्टेप 5: मानचित्र पर अपने निवास स्थान का चिन्हांकन परस्पर क्रियात्मक मानचित्रणः स्क्रीन पर एक लाल संकेतक (मार्कर) के साथ मानचित्र प्रदर्शित होगा। इस संकेतक को खींचकर अपने निवास स्थान के सटीक स्थान पर रखें ताकि आवासीय भवन का सही स्थान चिन्हित किया जा सके। इसके बाद "सहेजें और आगे बढ़े" पर क्लिक करें। स्थान संबंधी जानकारी की पुष्टि हेतु एक संदेश प्रदर्शित होगा। उद्देश्यः यह प्रगणक द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान सत्यापन हेतु स्व-गणना (SE) डेटा को संबंधित मकानसूचीकरण ब्लॉक (Houselisting Block) से आवंटित करने मैं सहायक होगा। स्टेप 6: प्रश्नावली को पूर्ण करना सूचना दर्ज करनाः मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रश्नावली को भरें। मार्गदर्शन साधनः विशिष्ट प्रश्नों के लिए प्रश्नों के नीचे दिए गए नोट्स, "टूलटिप्स" तथा "अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न" का उपयोग करें। एकरूपताः यह प्रश्नावली वही है जिसका उपयोग प्रगणक द्वारा किया जाएगा। भवन संख्या, जनगणना मकान संख्या, जनगणना मकान का उपयोग तथा परिवार क्रमांक जैसी कुछ जानकारी प्रगणक द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान अलग से दर्ज की जाएगी।नेविगेशनः प्रणाली में अगले पृष्ठ पर जाने से पहले वर्तमान स्क्रीन को पूर्ण करना आवश्यक है, हालांकि आप किसी भी समय पिछली प्रविष्टियों में संशोधन करने के लिए वापस जा सकते हैं। स्टेप 7: दर्ज किए गए डेटा की समीक्षा पूर्वावलोकनः "पूर्वावलोकन" स्क्रीन के माध्यम से सभी दर्ज की गई जानकारी को अनुभाग-वार जांचें। इस चरण पर डेटा में संशोधन किया जा सकता है। ड्राफ्ट के रूप में सेव करें: आप जानकारी को ड्राफ्ट के रूप में सेव रख सकते हैं और अंतिम तिथि से पूर्व इसे अंतिम रूप देकर पुष्टि करें और सबमिट कर सकते हैं। स्टेप 8: अंतिम प्रस्तुतीकरण डेटा लॉक करनाः जब आप संतुष्ट हों, तब "पुष्टि करें और सबमिट करें' पर क्लिक करें। इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा, सिवाय इसके कि प्रगणक द्वारा आवश्यक परिवर्तन किए जाएँ। प्रस्तुतीकरण की अंतिम तिथिः अंतिम तिथि सभी पृष्ठों पर चलती हुई सूचना (Marquee) के रूप में प्रदर्शित की जाएगी। यदि राज्य/संघ राज्य क्षेत्र की निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व अंतिम रूप से प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो स्व-गणना पूर्ण नहीं मानी जाएगी। आईडी का निर्माणः सफल प्रस्तुतीकरण के पश्चात "H" से प्रारंभ होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट SE ID उत्पन्न होगी और प्रदर्शित की जाएगी। यह SE ID एसएमएस तथा ई-मेल (यदि प्रदान किया गया हो) के माध्यम से भी भेजी जाएगी। इसे स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित रखना तथा लिखकर नोट कर लेना अनुशंसित है। SE ID पुनः प्राप्त करनाः पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से पोर्टल से बाद में भी SE ID प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है। स्टेप 9: क्षेत्रीय सत्यापन प्रगणक द्वारा घर का भ्रमणः जब जनगणना प्रगणक आपके घर आए, तो उन्हें अपनी SE ID प्रदान करें। ID मिलानः यदि SE ID प्रगणक के मोबाइल में उपलब्ध किसी भी SE ID से मेल खाती है, तो आपका स्व-गणना डेटा सत्यापित, स्वीकार एवं प्रस्तुत कर दिया जाएगा। यदि SE ID का मिलान नहीं होता है, तो प्रगणक आपके परिवार की जानकारी पुनः एकत्र करेगा।